COVID-19: कर्मचारियों के लिए जानकारी

आपके कार्यस्थल में कोविड-19 और व्यावसायिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के बारे में सामान्य रूप से पूछे जाने वाले प्रश्न।

Shape

प्रकाशन के समय यह जानकारी सही है।

COVID-19 के बारे में नवीनतम जानकारी के लिए वेबसाइट coronavirus.vic.gov.au पर जाएँ।

अपने उद्योग के लिए विशिष्ट जानकारी और आवश्यकताओं के बारे में अपने कार्य-नियोक्ता से बात करें।

coronavirus.vic.gov.au

आपके कार्य-नियोक्ता को कार्यस्थल पर आपको COVID-19 के खतरों से सुरक्षित रखने के लिए क्या करने की आवश्यकता है

विक्टोरिया के व्यावसायिक स्वास्थ्य और सुरक्षा कानून के तहत आपके कार्य-नियोक्ता को ऐसा कार्यस्थल परिवेश उपलब्ध कराने और बनाए रखने की आवश्यकता है, जो यथोचित व्यावहारिक रूप से उनके कर्मचारियों के लिए सुरक्षित है और उनके स्वास्थ्य के लिए खतरे पैदा नहीं करता है। इसमें कार्यस्थल पर COVID-19 से संपर्क के जोखिम को रोकने के लिए कार्यवाही करना भी शामिल है।

आपके कार्य-नियोक्ता को यह पहचान करनी चाहिए कि क्या कर्मचारियों के स्वास्थ्य या आपके कार्यस्थल में COVID-19 से जुड़े अन्य लोगों के स्वास्थ्य के लिए कोई खतरे मौजूद हैं। जहाँ तक यथोचित रूप से व्यावहारिक हो, उनके लिए यह आवश्यक है कि वे:

  • इन खतरों को दूर करने या कम करने के लिए उचित नियंत्रण उपायों का उपयोग करें
  • किसी भी खतरे की पहचान करने और उन्हें नियंत्रित करने का निर्णय लेने जैसी बातों के समय कर्मचारियों के साथ, तथा यदि कोई स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रतिनिधि (एचएसआर) [health and safety representatives (HSRs)] हों तो उनके साथ परामर्श करें
  • कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी, अनुदेश, प्रशिक्षण या पर्यवेक्षण प्रदान करें, ताकि वे अपने काम को सुरक्षित रूप से कर सकें
  • कर्मचारियों को कार्यस्थल स्वास्थ्य और सुरक्षा के बारे में उपयुक्त भाषाओं में जानकारी प्रदान करें।

आपके कार्य-नियोक्ता को भी कोविड-19 के बारे में सरकारी निर्देशों का पालन करना होगा, उदाहरण के लिए विक्टोरिया के स्वास्थ्य मंत्री के महामारी आदेश।

आपके कार्य-नियोक्ता को COVID-19 के बारे में सरकार के निर्देशों का पालन भी करना चाहिए, उदाहरण के लिए, विक्टोरिया के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (Chief Health Officer) के निर्देश।

आपके कार्य-नियोक्ता को COVID-19 के संपर्क में आने के खतरे को कम करने के लिए क्या करना चाहिए, यह इन बातों पर निर्भर करेगा:

  • आप किस प्रकार का कार्य करते/करती हैं
  • कार्य से जुड़े खतरे का स्तर
  • कार्यों और इनसे संबधित खतरों के लिए यथोचित रूप से व्यावहारिक क्या है, जिसमें आपूर्तियों की उपलब्धता भी शामिल है
  • विक्टोरिया के स्वास्थ्य मंत्री के वर्तमान महामारी आदेश या सरकारी सलाह, उदाहरण के लिए स्वास्थ्य विभाग का मार्गदर्शन।

नियंत्रण के उपाय

COVID-19 के एक्स्पोज़र के खतरे का प्रबंधन करने के लिए उपयुक्त नियंत्रण के उपायों के कुछ उदाहरण हैं:

  • जहाँ संभव हो, शारीरिक दूरी बनाए रखना
  • अन्य लोगों के साथ संपर्क को कम करने के लिए कार्यप्रथाओं में परिवर्तन करना
  • कर्मचारियों को किसी अन्य स्थान से काम करने की अनुमति देना, जैसे अपने घर से
  • कार्यबल के बुलबुले (बबल्स) बनाना (उदाहरण के लिए, एक ही पारी में कार्य करने वाले कर्मचारियों के समूहों को एक ही कार्यस्थल पर नियोजित करना), ताकि वहाँ COVID-19 का प्रकोप या सामुदायिक संचरण होने की स्थिति में फैलाव को कम से कम किया जा सके
  • कार्यस्थल में पर्याप्त ताजा हवा-प्रवाह सुनिश्चित करना
  • कार्यस्थल में सफाई और कीटाणुशोधन बढ़ाना, विशेषकर ऊँचे उपयोग वाले क्षेत्रों में
  • साझा फोन, डेस्क, उपकरणों और औजारों का उपयोग न करने का प्रयास करना
  • कार्यस्थल में सभी को अच्छी स्वच्छता प्रथाओं का पालन करने के लिए प्रोत्साहन देना और हाथ धोने की सुविधाएँ तथा हैंड सैनिटाइज़र जैसी सुविधाएँ प्रदान करना
  • यह सुनिश्चित करना कि अस्वस्थ होने पर कर्मचारी काम करने न आएँ और कार्यस्थल पर किसी कर्मचारी में लक्षण विकसित होने की स्थिति में योजनाएँ उपलब्ध रखना
  • स्वच्छता प्रक्रियाओं के अनुपालन के लिए अंतराल में अतिरिक्त समय की अनुमति देना
  • कार्यस्थल पर आने वाले कर्मियों और आगंतुकों के रिकॉर्ड रखना
  • जहाँ आवश्यक हो, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध कराना, और पीपीई की आवश्यकता तथा इसका सुरक्षित रूप से उपयोग करने के तरीकों पर सूचना और प्रशिक्षण प्रदान करना।

यदि आप इस बारे में चिंतित हैं कि आपके कार्यक्षेत्र में COVID-19 के खतरों का प्रबंधन कैसे किया जा रहा है

आपके पास काम पर सुरक्षित रहने का अधिकार है। यदि आप इस बारे में चिंतित हैं कि आपका कार्यस्थल COVID-19 के खतरे का प्रबंधन कैसे कर रहा है, तो आप अपने कार्य-नियोक्ता या एचएसआर (HSR) के साथ बात कर सकते/सकती हैं (यदि कोई हो, तो)।

यदि आप अभी भी अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा के बारे में चिंतित हैं, तो आप ये कदम उठा सकते/सकती हैंः

  • अपने कार्यस्थल की समस्या समाधान प्रक्रियाओं का पालन करें
  • WorkSafe सलाहकार टीम से 1800 136 089 पर संपर्क करें
  • कर्मचारी संगठनों, कानूनी प्रदाताओं, अथवा स्वास्थ्य विभाग (Department of Health) या अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी की जाने वाली आधिकारिक सलाह के साथ-साथ अपनी परिस्थितियों के लिए विशिष्ट सलाह प्राप्त करें।

स्वास्थ्य और सुरक्षा के संबंध में आपकी जिम्मेदारियाँ

एक कर्मचारी के रूप में आपकी जिम्मेदारी है कि आपः

  • कार्यस्थल में अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा का यथोचित ध्यान रखें
  • कार्यस्थल में दूसरों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का यथोचित ध्यान रखें
  • ओएचएस अधिनियम (OHS Act) के तहत किसी भी आवश्यकता के अनुपालन में अपने कार्य-नियोक्ता द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में उनके साथ सहयोग करें।

इसका अर्थ यह है कि आपको COVID-19 के खतरे को कम करने के लिए अपने कार्य-नियोक्ता की सभी उचित नीतियों या निर्देशों के साथ सहयोग करना चाहिए, चाहे आप घर से काम कर रहे/रही हों।

यदि आप अस्वस्थ महसूस करते/करती हैं, या आपको लगता है कि आप एक निकट संपर्क हो सकते/सकती हैं, तो दूसरों की सुरक्षा के लिए नीचे दिए गए कदमों का पालन करें।

अस्वस्थ महसूस होने पर क्या करें

COVID-19 के इन लक्षणों के लिए निगरानी करनी चाहिए:

  • बुखार
  • कंपकंपी या पसीना
  • खाँसी
  • गले में खराश
  • सांस फूलना
  • नाक बहना
  • गंध या स्वाद का एहसास न होना या इसमें परिवर्तन होना।

कुछ लोगों को सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, नाक भरी होना, मतली, उल्टी एवं दस्त का अनुभव भी हो सकता है।

यदि आपके शरीर में कोविड-19 के कोई भी लक्षण हैं, तो चाहे ये जितने भी हल्के हों, आपको तुरंत खुद को अलग करना चाहिए, परीक्षण करवाना चाहिए और आवश्यकतानुसार अपने डॉक्टर से या 1800 675 398 पर विक्टोरियन कोरोनावायरस हॉटलाइन से सलाह लेनी चाहिए।

परीक्षण कराने के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करें

आपको ये कार्य भी करने चाहिएः

  • जितनी जल्दी संभव हो सके, अपने कार्य-नियोक्ता को बताएँ
  • अपने कार्यस्थल की प्रक्रियाओं का पालन करें
  • स्थिति में परिवर्तन होने पर अपने कार्य-नियोक्ता को अपडेट करें, उदाहरण के लिए यदि COVID-19 के लिए आपको सकारात्मक निदान प्राप्त होता है।

यदि आप किसी ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आए/आई हैं जिसे कोविड-19 है, तो क्या करें

यदि आप किसी ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आए/आई हैं जिसे कोविड-19 है, तो आपको स्वास्थ्य विभाग की प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए।

यदि आपको अलगाव करने की आवश्यकता है, तो जितनी जल्दी हो सके, आपको अपने कार्य-नियोक्ता को इसके बारे में बताना चाहिए और स्थिति में बदलाव होने पर उन्हें अपडेट करना चाहिए, उदाहरण के लिए यदि आपका कोविड-19 निदान सकारात्मक निकलता है।

आपकी भाषा में जानकारी

WorkSafe के बारे में अपनी भाषा में जानकारी के लिए हमारी अनुवाद और दुभाषिया सेवा (टीआईएस नेशनल) को 131 450 पर कॉल करें।